9.76 किलोमीटर लंबा, 32 मीटर चौड़ा और 6 लेन; क्या है 'नीतीश सेतु' की खासियत?
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर थे। वहां उन्होंने वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। इसका निर्माण लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, जो उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच महत्वपूर्ण सड़क संपर्क के तौर पर काम करेगा। आइए इस पुल के बारे में जानते हैं।
पुल
कहां से कहां तक बना है पुल?
यह पुल 9.76 किलोमीटर लंबा है। अगर एप्रोच रोड को मिला लिया जाए तो इसकी लंबाई 19.76 किलोमीटर हो जाती है।
ये पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ने वाली 19.7 किलोमीटर लंबी कनेक्टिविटी परियोजना का हिस्सा है।
यह एक 6 लेन पुल है, जिसकी चौड़ाई 32 मीटर है। इस पर से अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन गुजर सकेंगे।
फायदा
क्या होगा फायदा?
इस पुल से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का भार कुछ हद तक कम होगा।
पटना से सीमित सड़क संपर्क वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को इसका खासा लाभ होगा। उनका यात्रा का समय कम होगा।
सरकार ने कहा कि इससे निवासियों को पटना तक आसानी से पहुंच मिलेगी, जिसमें अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान और अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल हैं।
यह उत्तरी बिहार के किसानों और व्यापारियों को बाजार पहुंचने का एक तेज मार्ग प्रदान करेगा।
टाइमलाइन
परियोजना को लेकर कब-क्या हुआ?
इस पुल की कहानी साल 2012 में शुरू हुई थी, जब नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे। सितंबर 2012 में परियोजना को मंजूरी दी गई थी। 2013 में इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हुई।
दिसंबर, 2014 में केंद्र सरकार से परियोजना को मंजूरी मिली। इसके बाद एशियाई विकास बैंक (ADB) से कर्ज लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
साल 2015 में बिहार सरकार ने परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी। 16 जनवरी, 2017 को पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
विवाद
नामकरण को लेकर भी विवाद
पुल का नाम नीतीश के नाम पर करने को लेकर सियासी घमासान भी हो रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा, "सब जानते हैं कि कोई व्यक्ति जीवित होता है, तो उसकी मूर्तियां नहीं बनाई जातीं और न ही उसके नाम पर नामकरण किया जाता है। शायद भाजपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि नीतीश का राजनीतिक करियर खत्म हो चुका है।"
वहीं, भाजपा का कहना है कि नीतीश के कार्यकाल में पुल का काम शुरू हुआ था।