
पंजाब पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला करने वाला खालिस्तानी आतंकवादी करणवीर सिंह दिल्ली में गिरफ्तार
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा को एक अभियान के दौरान बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) आतंकी समूह से जुड़े एक खालिस्तानी आतंकवादी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। यह आतंकी 7 अप्रैल को पंजाब के बटाला स्थित किला लाल सिंह पुलिस थाने पर हुए ग्रेनेड हमले भी वांछित था। हमले के बाद उसके पाकिस्तान फरार होने की सूचना मिली थी। भारत सरकार ने इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाया था।
गिरफ्तारी
कैसे हुई खालिस्तानी आतंकी की गिरफ्तारी?
नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) अमित कौशिक ने बताया कि गिरफ्तार आतंकी पंजाब के कपूरथला निवासी करणवीर सिंह है। उसका BKI से संबंध है। उन्होंने बताया कि गत 22 जुलाई को मध्य प्रदेश के इंदौर से शस्त्र अधिनियम के एक मामले में BKI सदस्य अमृतसर के चंदनके गांव निवासी आकाशदीप को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने करणवीर के दिल्ली में ही होने की जानकारी दी थी। उसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया।
मदद
BKI के हमलावरों की मदद करता था आकाशदीप
कौशिक ने बताया कि आकाशदीप BKI के हमलावरों को रसद और हथियार मुहैया कराने में मदद करता था। किला लाल सिंह पुलिस थाने पर हुए ग्रेनेड हमले में भी आकाशदीप ने ही करणवीर समेत अन्य हमलावरों की मदद की थी। उन्होंने बताया कि पुलिस थाने पर हमले के बाद BKI ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जिम्मेदारी ली थी और कहा था कि यह हमला दिसंबर 2024 में पीलीभीत में हुए एनकाउंटर का बदला लेने के लिए किया गया था।