केरलम सरकार ने सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए किए अहम बदलाव, जानिए अब क्या-क्या होगा
केरल सरकार इस बार सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए कुछ खास बदलाव कर रही है। तिरुपति की सफल व्यवस्थाओं से सीख लेते हुए यहां भी वैसी ही तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बताया कि निलक्कल में जर्मन शैली का एक नया शेल्टर बनाया जाएगा, जिसमें एक साथ 6,000 लोग आराम कर सकेंगे। इसके साथ ही 21 अलग-अलग जगहों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पार्किंग सुविधा भी शुरू की जा रही है। श्रद्धालुओं की यात्रा को और भी आसान बनाने के लिए इस बार 461 बसें चलाई जाएंगी।
लोक निर्माण विभाग करेगा चालक्कायम सड़क की मरम्मत
लोक निर्माण विभाग चालक्कायम सड़क की मरम्मत पर 15 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। यह काम तेजी से निपटाया जा रहा है ताकि तीर्थयात्रा का मौसम शुरू होने से पहले सड़क पूरी तरह से यात्रियों के लिए तैयार हो जाए। इसके अलावा, पंपा नदी की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस, दमकल दल और 22 चिकित्सा आपातकालीन इकाइयां भी तैनात की गई हैं।