केरलम के मंत्री का 'सरकारी' SUV कांड: उधार की लग्जरी गाड़ी पर नंबर प्लेट, विवाद बढ़ा तो लौटाई
केरलम के स्थानीय निकाय मंत्री और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के नेता केएम शाजी एक SUV को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने सऊदी अरब के एक बिजनेसमैन से उधार ली गई एक महंगी SUV का इस्तेमाल अपनी सरकारी गाड़ी के तौर पर किया था। इस गाड़ी पर सरकारी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
शाजी की इस गाड़ी और राष्ट्रीय ध्वज के साथ कई तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद CPI(M) के नेताओं ने उनकी आलोचना शुरू कर दी। इन नेताओं ने इस कदम को नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया।
शाजी ने आरोपों से इनकार किया, आखिर में लौटाई SUV
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में खूब गहमागहमी देखने को मिली। पूर्व मंत्री केटी जलील ने शाजी पर बिजनेसमैन से फायदा लेने और अपनी शपथ तोड़ने का आरोप लगाया।
DYFI की प्रदेश अध्यक्ष चिंता जेरोम ने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से पूछा कि क्या यह नैतिक रूप से सही था। वहीं, शाजी ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। हालांकि, बढ़ते दबाव के चलते, उन्हें आखिरकार वह SUV लौटानी पड़ी।