केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बढ़ी मुश्किलें, 2 FIR दर्ज
केरल विजिलेंस और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और उनके परिवार के खिलाफ 2 FIR दर्ज की हैं। ये FIR कथित CMRL रिश्वत मामले से जुड़ी हैं, जिसका संबंध कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से है।
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक रिपोर्ट पर केरल हाई कोर्ट ने कार्रवाई की थी, जिसमें परिवार को मोटी रकम मिलने के आरोप लगाए गए थे। इसी के बाद विजिलेंस ने यह कदम उठाया है।
ED का आरोप- बेटी की कंपनी एक्सालॉजिक को 2.78 करोड़ रुपये मिले
भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों के तहत विजयन को पहला आरोपी बनाया गया है। ED की जांच में दावा किया गया है कि 2.78 करोड़ रुपये एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस (उनकी बेटी वीना टी की अब बंद हो चुकी कंपनी) को कथित IT सेवाओं के लिए दिए गए थे।
उनके दामाद, पीए मुहम्मद रियास पर भी आरोप है कि उन्होंने अनौपचारिक माध्यमों से पैसा विदेश भेजा।
यह जांच तब शुरू हुई जब CMRL द्वारा अवैध भुगतान किए जाने का एक मामला सामने आया, जिससे केरल में यह हाई-प्रोफाइल परिवार जनता की कड़ी निगरानी में आ गया।