केरलम में रैगिंग करने वालों पर होगी सख्ती, साइबरबुलिंग और बॉडी शेमिंग पर होगी सीधी जेल
केरलम सरकार एक नया रैगिंग-विरोधी बिल पेश करने जा रही है। यह बिल सिर्फ कैंपस में होने वाली रैगिंग तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें साइबरबुलिंग, जबरन वसूली, बॉडी शेमिंग और बिना इजाजत डाटा जमा करने जैसे अपराध भी शामिल होंगे। इस बिल का मकसद है कि स्कूल, कोचिंग सेंटर, हॉस्टल और सार्वजनिक परिवहन छात्रों के लिए ज्यादा सुरक्षित बनें। इसमें हर नए दाखिला लेने वाले छात्र के लिए 60 दिन की सुरक्षित शुरुआत का भी प्रावधान रखा गया है।
केरलम बिल में 60 दिन की 'सुरक्षित शुरुआत' जरूरी
इस बिल में नए छात्रों के लिए 60 दिन की 'सुरक्षित शुरुआत' की अवधि तय की गई है, जिसमें उन पर ज्यादा ध्यान और निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही संस्थानों को रैगिंग-विरोधी समितियां बनानी होंगी और हॉस्टलों में CCTV कैमरे लगाना भी जरूरी होगा। अगर कोई रैगिंग करते पकड़ा जाता है, तो उसे 2 साल तक की जेल हो सकती है। वहीं, अगर कोई बाहरी व्यक्ति रैगिंग में शामिल पाया जाता है, तो उसे और भी कड़ी सजा दी जाएगी। अगर संस्थानों के मुखिया रैगिंग की शिकायतों को नजरअंदाज करते हैं, तो उन्हें भी दंडित किया जा सकता है।