केरलम में बाढ़ से 8 मौतें, 27 घर बहे; मुख्यमंत्री ने लोगों से की ये अपील
क्या है खबर?
केरलम में भारी बारिश से 8 लोगों की मौत हो गई है और इतने ही लापता हैं। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। कम से कम 13 लोग बारिश संबंधी घटनाओं में घायल हुए हैं। राज्य सरकार ने बताया कि उसने 209 राहत शिविर बनाए हैं, जहां फिलहाल 5,792 लोगों ने शरण ले रखी है।
आंकड़े
27 घर बहे, 196 को नुकसान
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बताया कि बारिश से 27 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा, "सरकार मृतकों के परिवारों और बेघर व आजीविका खो चुके लोगों को सहायता सुनिश्चित करेगी।"
हालांकि बीते दिन की तुलना में बारिश कम हो गई है, फिर भी उन्होंने लोगों खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों से सतर्क रहने का आग्रह किया है।
बयान
मुख्यमंत्री ने लोगों से किया ये आग्रह
सतीशन ने कहा, "जन प्रतिनिधि और स्वयंसेवक राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। राहत कार्यों को लेकर मैं राजस्व मंत्री एपी अनिलकुमार, विभिन्न जिलों में तैनात अन्य मंत्रियों और स्थानीय प्रशासनों के संपर्क में हूं। कई हिस्सों में बारिश कम होने से कुछ राहत मिली है और बाढ़ग्रस्त व जलभराव वाले इलाकों में सफाई का काम शुरू हो गया है।"
उन्होंने राजनीतिक पार्टियों और स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं से सफाई अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
ट्विटर पोस्ट
कन्नूर में सड़कें डूबीं
#WATCH | Kannur, Keralam: Heavy rainfall in Sreekandapuram municipality causes waterlogging. pic.twitter.com/KhG1QzV4uk
— ANI (@ANI) August 2, 2026
बारिश
अय्यनकुन्नू में 24 घंटे में 320 मिलीमीटर बारिश हुई
केरलम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में शनिवार को 320 मिलीमीटर तक बारिश हुई, जिससे सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
कन्नूर जिले के अय्यनकुन्नू में सबसे ज्यादा 320 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, उत्तरी केरलम के कई अन्य स्थानों पर 90 से 180 मिलीमीटर तक बारिश हुई।
पथानामथिट्टा, इडुक्की, वायनाड, कोट्टायम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों में कई जगहों पर घरों में पानी घुस गया।
जानकारी
राज्य के 5 बांधों पर अलर्ट
केरलम में भारी बारिश के बीच मूझियार, कल्लारकुट्टी, एरट्टयार, लोअर पेरियार और पोरिंगलकुथु बांध पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां जलस्तर बढ़ने के बाद निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
IMD
12 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त के लिए केरलम के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी बारिश का अनुमान है।
इन जिलों में पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं।
IMD ने यहां अचानक बाढ़ और भूस्खलन होने की आशंका जताई है। यहां 115 से लेकर 204 मिलीमीटर तक अत्यधिक बारिश हो सकती है।