केरलम में फर्जी पहचान पत्र के साथ 3 बांग्लादेशी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
केरलम पुलिस ने हाल ही में कोझिकोड के मावूर इलाके में बने प्रवासी श्रमिकों के एक कैंप में अचानक छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 बांग्लादेशी लोगों को पकड़ा, जिनके पास भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। पुलिस टीम की अगुवाई स्टेशन हाउस ऑफिसर मोहम्मद रफीक कर रहे थे। पुलिस को इनके पास से फर्जी पहचान पत्र मिले, जिससे उनकी पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के तौर पर हुई।
पुलिस कर रही है फोन की जांच
पकड़े गए लोगों के नाम मोहम्मद वूला हुसैन, मोहम्मद हसन अली और मोहम्मद मेहदी हसन बताए गए हैं। ये तीनों करीब 20 दिनों से मावूर में रह रहे थे। यहां वे निर्माण कार्यों में लगे थे और किराए के मकानों में ठहरते थे। अब पुलिस उनके मोबाइल फोन खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि वे भारत में कैसे दाखिल हुए और कहीं उनका संबंध किसी बड़े अवैध अप्रवासन नेटवर्क से तो नहीं है। इन गिरफ्तारियों के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके के श्रमिक कैंपों में जांच-पडताल बढ़ा दी है, ताकि बिना सही कागजात के रह रहे अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।