केरलम: देश में पहली बार डिजिटल सिस्टम से हर ब्लड यूनिट की पूरी कुंडली
केरलम ने देश के किसी भी राज्य में पहली बार 'ब्लड बैंक ट्रेसिबिलिटी सिस्टम' (BBTS) नाम का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसके जरिए दान किए गए हर ब्लड यूनिट पर नज़र रखी जाती है। खून के कलेक्शन से लेकर मरीज को दिए जाने (ट्रांसफ्यूजन) तक की सारी जानकारी इसी पर दर्ज होती है।
यह सिस्टम इस बात का ध्यान रखता है कि जो खून पहले दान किया गया है, उसे ही पहले इस्तेमाल किया जाए। इससे कीमती ब्लड के एक्सपायर होने या बेकार चले जाने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
87 केंद्रों पर BBTS चालू
केरल के 87 ब्लड बैंकों में BBTS पहले से ही काम कर रहा है। यह सिस्टम स्टोरेज की स्थिति पर लगातार नज़र रखता है और अगर कोई तकनीकी गड़बड़ी हो या ब्लड सप्लाई चेन में रुकावट आए, तो तुरंत अधिकारियों को जानकारी देता है।
इस सिस्टम को 'जीवाधारा' नाम की व्यवस्था से भी जोड़ा गया है। इससे ब्लड डोनर डिजिटल तरीके से अपना रजिस्ट्रेशन करवा पाते हैं और अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को भी आसानी से मैनेज कर सकते हैं। इसका मुख्य लक्ष्य यही है कि इमरजेंसी के वक्त मरीजों तक सुरक्षित ब्लड तेजी से पहुंचे और साथ ही खून की बर्बादी भी कम से कम हो।