ओणम की खुशियां दोगुनी: केरलम में 65 लाख को मिलेगी जल्दी पेंशन, सरकार ने खोली तिजोरी
ओणम त्योहार की खुशियां दोगुनी करने के लिए केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने एक अहम फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि 65 लाख से ज्यादा लोगों को उनकी सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी पेंशन तय समय से पहले मिल जाएगी। इस बार ये पेंशन 25 अगस्त की बजाय 19 अगस्त से ही मिलना शुरू हो जाएंगी, ताकि लोग बिना किसी आर्थिक परेशानी के त्योहार मना सकें।
राज्य सरकार ने इस काम के लिए 1,105 करोड रुपये का फंड अलग से रखा है ताकि पेंशन वितरण में कोई बाधा न आए।
630 करोड रुपये का ओणम राहत पैकेज भी घोषित
इन घोषणाओं के साथ ही सरकार ने कई और आर्थिक मदद का भी ऐलान किया है। सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों को 630 करोड रुपये के बोनस और भत्ते दिए जा रहे हैं। इसके अलावा, आंगनवाड़ी पेंशन का 34 करोड रुपये का बकाया जुलाई 2026 तक चुका दिया जाएगा।
पिछली सरकार के समय से रुके हुए पिछड़ी जाति के विद्यार्थियों की 310 करोड रुपये की छात्रवृत्ति भी जारी की जा रही है। मनरेगा योजना में 100 दिन का काम पूरा करने वाले मजदूरों को 45 करोड रुपये का ओणम भत्ता भी मिलेगा। त्योहार के दौरान कीमतें स्थिर रखने के लिए सप्लाईको और कंज्यूमरफेड के माध्यम से 78 करोड रुपये के सब्सिडी वाले सामान बाजार में उपलब्ध कराए जाएंगे।
साथ ही, 3 लाख से ज्यादा ओणम किट राशन की दुकानों पर भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 75,000 किट कार्डधारकों तक पहुंचा दिए गए हैं।