केरल ने इबोला वायरस को लेकर 21 दिन की सख्त निगरानी का ऐलान
केरल सरकार ने इबोला से प्रभावित देशों, जैसे डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा और साउथ सूडान से आने वाले सभी लोगों के लिए 21 दिन की स्वास्थ्य निगरानी अनिवार्य कर दी है। हालांकि, भारत में अभी तक इबोला का एक भी मामला सामने नहीं आया है, फिर भी राज्य की रैपिड रिस्पांस टीम ने बताया कि यह कदम पूरी तरह एहतियाती है। यदि कोई यात्री हवाई मार्ग से पहुंचता है, तो उसे बुखार या थकान जैसे लक्षणों पर नज़र रखनी होगी। अगर उसे कुछ भी असामान्य महसूस होता है, तो इसकी सूचना तुरंत एयरपोर्ट पर मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों को देनी होगी।
केरल ने एयरपोर्ट और बंदरगाहों पर स्क्रीनिंग बढ़ाई
राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केरल ने एयरपोर्ट और बंदरगाहों पर स्क्रीनिंग को और मजबूत कर दिया है। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं, साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को PPE के सही उपयोग का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह कदम Nipah और COVID-19 जैसी पिछली महामारियों से मिले सबक को ध्यान में रखकर उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ये सभी कदम एहतियाती हैं, क्योंकि केरल में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। इनका मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्या को शुरुआत में ही पहचानना और सभी नागरिकों को सुरक्षित रखना है।