ओणम पर केरलम सरकार का बड़ा तोहफा, कर्मचारियों को 4,500 रुपये तक के बोनस का ऐलान
देश
केरलम सरकार ने ओणम के मौके पर राज्य के कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों के लिए एक खास पैकेज की घोषणा की है। राज्य सरकार ने बताया है कि सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को इस त्योहारी सीजन में 4,500 रुपये का बोनस मिलेगा। वहीं, जिन कर्मचारियों को बोनस नहीं मिलेगा, उन्हें 3,000 रुपये का त्योहारी भत्ता दिया जाएगा।
नियमित कर्मचारियों को 20,000 रुपये अग्रिम दिए जाने की घोषणा
ओणम के लिए अग्रिम भी दिया जा रहा है। नियमित कर्मचारी 20,000 रुपये तक का अग्रिम ले सकते हैं, जबकि अंशकालिक या आकस्मिक कर्मचारियों के लिए यह 6,000 रुपये तय किया गया है। पिछले साल से इन राशियों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लोक सेवा आयोग से नियुक्त हुए एडेड स्कूल के शिक्षक, साथ ही निगमों, सरकारी संस्थाओं, बोर्डों और सरकार से सहायता प्राप्त करने वाले संस्थानों में प्रतिनियुक्ति पर काम करने वाले कर्मचारी भी इस बोनस के हकदार होंगे।