केरलम में 271 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा प्रत्यारोपण संस्थान, जानिए क्या होगा फायदा
केरलम ने अभी हाल ही में कोझिकोड में अंग और टिश्यू प्रत्यारोपण के लिए एक बड़े नए अस्पताल की घोषणा की है। यह अस्पताल लगभग 30 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। 'केरलम इंस्टिट्यूट ऑफ ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट' का निर्माण 20 एकड़ में फैले एक विशाल परिसर में किया जाएगा, जिसके लिए 271 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। यह अहम घोषणा मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने केरल हार्ट केयर सोसाइटी की रजत जयंती के मौके पर की।
केरलम इंस्टिट्यूट में होंगे 1,830 प्रत्यारोपण
इस संस्थान का मुख्य मकसद प्रत्यारोपण को सस्ता और हर किसी की पहुंच में लाना है। इसमें 350 बेड और 10 ऑपरेशन थियेटर होंगे। हर साल 1,830 प्रत्यारोपण करने की योजना है, जिनमें 1,100 कॉर्नियल, 520 किडनी, 50 हृदय, 40 लंग और 120 बोन मैरो प्रत्यारोपण शामिल होंगे। इसी परिसर में त्वचा रोग अस्पताल के लिए भी फंडिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि केरलम को एक ग्लोबल हेल्थकेयर हब बनाने का लक्ष्य है, ताकि देश और विदेश से आने वाले मरीजों को बेहतर वेलनेस सेंटर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।