बेंगलुरु में कंपनी का चौंकाने वाला ऐलान, इन 4 राज्यों के पुरुषों को नहीं देंगे नौकरी
बेंगलुरु में ए-1 स्पोर्ट्स वर्ल्ड के मालिक कार्तिक एसजी आजकल सुर्खियों में हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश के पुरुष उम्मीदवारों को नौकरी पर नहीं रखेगी।
उन्होंने अपनी यह नीति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। इस दौरान उन्होंने लिखा, "दोस्त, मेरी कंपनी है, मेरे नियम। जब तुम्हारी कंपनी हो, तब अपने नियम बनाना... मुझे ज्ञान मत दो कि मुझे अपनी कंपनी कैसे चलानी है।"
उनके इस कदम से ऑनलाइन काफी गरमागरम बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे अन्यायपूर्ण और भेदभाव वाला फैसला बता रहे हैं, वहीं कुछ अन्य का कहना है कि वे अपनी टीम के लिए एक मजबूत स्टैंड ले रहे हैं।
कार्तिक ने बताया, सुरक्षा के लिए निकाला कर्मचारी
कार्तिक का कहना है कि यह नीति तब बनाई गई, जब उन्हीं राज्यों में से एक का एक पुरुष कर्मचारी नौकरी से निकाला गया था। उस कर्मचारी को 2 बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद वह महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था और उनमें से एक के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था।
उनकी टीम में 14 महिलाएं हैं और अन्य राज्यों के 20 कर्मचारी पहले से ही काम कर रहे हैं।
कार्तिक कहते हैं कि उनका मुख्य मकसद सभी के लिए कार्यस्थल को सुरक्षित और आरामदायक बनाना है। यह बात ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में बिहार के जमुई में हुए एक मामले के बाद महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा पर एक बार फिर ध्यान दिया जा रहा है।