कर्नाटक में कक्षा 6 से मिलेगी AI की शिक्षा, राज्य में बनेगा पहला AI विश्वविद्यालय
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने राज्य के सभी स्कूलों में कक्षा 6 से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई शुरू करने का ऐलान किया है। यही नहीं, सरकार बेंगलुरु में कर्नाटक का पहला सरकारी AI विश्वविद्यालय भी बना रही है। यहां जनवरी 2027 तक सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू हो जाएंगे। 'AI अक्षर अभियान' और मुफ्त 'कोडिंग गुरुकुल' जैसे कार्यक्रम छात्रों को AI और कोडिंग के जरूरी हुनर सिखाएंगे, जिससे वे भविष्य के लिए तैयार हो सकें।
कर्नाटक के 1,000 स्कूलों को बनाया जाएगा मॉडर्न
कर्नाटक सरकार ने अगले 2 सालों में 1,000 सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने की योजना बनाई है। इन्हें 'कर्नाटक पब्लिक स्कूल' में बदला जाएगा और इनमें नई सुविधाएं दी जाएंगी। इन स्कूलों में डिजिटल क्लास रूम होंगे, पढ़ाई 2 भाषाओं में होगी और व्यावसायिक शिक्षा भी दी जाएगी। इस पहल से LKG से लेकर 12वीं कक्षा तक के करीब 10 लाख बच्चों को फायदा मिलेगा। बच्चों के लिए स्कूल जाना अब और भी आसान हो गया है। राज्य भर में स्कूल और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिल रही है। अब तक 6 लाख से ज्यादा पास बांटे जा चुके हैं।