कावेरी बंद: कर्नाटक में हंगामा, मैसूरु में सब कुछ 'सामान्य' क्यों?
गुरुवार को कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को देने के आदेश पर कर्नाटक में बंद का आह्वान किया गया था। हालांकि, मैसूरु शहर में इसका खास असर देखने को नहीं मिला। स्कूल, कॉलेज, दुकानें और रेस्टोरेंट सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। बसें और ऑटो भी चलते रहे। शहर के व्यस्त इलाकों पर भी रोजमर्रा की तरह चहल-पहल बनी रही।
मैसूरु में पुलिस ने एहतियातन कुछ लोगों को पकड़ा
प्रो-कन्नड़ संगठनों और किसानों ने श्री जयचामराजेंद्र सर्कल और अशोक रोड जैसी कुछ जगहों पर छोटे-मोटे प्रदर्शन किए। कुछ किसानों ने सूखे की चिंता जताते हुए खाली घड़े लेकर विरोध दर्ज कराया, वहीं कुछ अन्य ने कावेरी का पानी छोड़ने के आदेश का विरोध किया।
सब-अर्बन बस स्टैंड पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने बसें रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात होने की वजह से मैसूरु में विरोध-प्रदर्शनों के बावजूद दिनचर्या सुचारु रूप से चलती रही।