LOADING...
कर्नाटक: केक में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले, सतर्क हुई सरकार 
कर्नाटक में केक के 12 नमूनों में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले (तस्वीर: पिक्साबे)

कर्नाटक: केक में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले, सतर्क हुई सरकार 

लेखन गजेंद्र
Oct 03, 2024
12:55 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां केक के 12 नमूनों में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले हैं, जिसके बाद राज्य सरकार सतर्क हो गई है। कर्नाटक खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता विभाग ने एक बयान में कहा कि बेंगलुरु की बेकरियों से इकट्ठा किए गए केक के 12 नमूनों में कई कैंसरकारी पदार्थ पाए गए हैं। सरकार को 235 केक नमूनों में 223 सुरक्षित मिले, जबकि 12 में कृत्रिम रंग की मात्रा खतरनाक स्तर पर थी।

खतरनाक

विभाग ने क्या कहा?

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि रेड वेलवेट और ब्लैक फॉरेस्ट जैसी लोकप्रिय केक किस्में स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। सरकारी निकाय ने बेकरियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है और केक में कृत्रिम रंगों जैसे एल्यूरा रेड, सनसेट येलो एफसीएफ, पोंसो 4आर, टारट्राजिन और कारमोइसिन के उपयोग के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। विभाग ने कहा कि कृत्रिम रंगों के अधिक उपयोग से कैंसर के साथ शारीरिक-मानसिक विकार होता है।

सख्ती

पहले भी सख्ती कर चुकी है कर्नाटक सरकार

यह पहली बार नहीं है कि कर्नाटक में कांग्रेस की नेतृत्व वाली सरकार ने कत्रिम रंगों को लेकर सख्ती दिखाई है, बल्कि इससे पहले भी वह कई आदेश जारी कर चुकी है। सरकार ने होटलों में परोसे जाने वाले शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों में कृत्रिम रंग मिले होने की शिकायत के बाद इसके उपयोग पर रोक लगाई थी। मार्च में सिद्धारमैया की सरकार ने गोभी मंचूरियन और शुगर कैंडी में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया था।

Advertisement