Page Loader
कर्नाटक: मैसूर के अपार्टमेंट में मृत पाए गए परिवार के 4 लोग, हत्या-आत्महत्या का शक
कर्नाटक के मैसूर में परिवार के 4 लोगों ने आत्महत्या की

कर्नाटक: मैसूर के अपार्टमेंट में मृत पाए गए परिवार के 4 लोग, हत्या-आत्महत्या का शक

लेखन गजेंद्र
Feb 17, 2025
12:02 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के मैसूर में सोमवार को एक अपार्टमेंट के अंदर परिवार के 4 लोग मृत पाए गए। मृतकों में दंपति, बुजुर्ग महिला और 15 वर्षीय किशोर शामिल है। घटना विश्वेश्वरैया नगर स्थित अपार्टमेंट में घटी है। मृतकों की पहचान चेतन (45), उनकी पत्नी रूपाली (43), उनके बेटे कुशाल (15) और चेतन की मां प्रियंवदा (62) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।

घटना

आत्महत्या से पहले सुबह 4 बजे किया फोन

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, चेतन ने अपनी जान देने से पहले सुबह करीब 4 बजे अपने भाई भरत को फोन किया, जो अमेरिका में रहता है। चेतन ने उसे अपने कदम के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक, चेतन ने कथित तौर पर फोन काटने से पहले अपने भाई से कहा, "हम आत्महत्या करने जा रहे हैं।" पुलिस को संदेह है कि चेतन ने फांसी लगाने से पहले परिवार के सदस्यों को जहर दिया होगा।

आत्महत्या

भरत ने चेतन के ससुराल वालों को सूचित किया

पुलिस का कहना है कि भरत ने चेतन के फोन काटने के तुरंत बाद उसके ससुराल वालों को फोन किया और उसके खौफनाक कदम के बारे में बताया। इसके बाद जब चेतन के ससुरालवाले विश्वेश्वरैया नगर स्थित अपार्टमेंट पहुंचे तो परिवार घातक कदम उठा चुका था। घटना की सूचना पर पुलिस आयुक्त सीमा लाटकर, पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं यातायात) एस जान्हवी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस हत्या और आत्महत्या के कोण से जांच कर रही है।