कर्नाटक: युवक ने प्रेमिका का अपहरण कर कार में किया विस्फोट, युवती ने कूदकर बचाई जान
क्या है खबर?
कर्नाटक के तुमकुरु जिले में बड़ा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अलगाव के बाद पहले अपनी प्रेमिका का अपहरण किया और फिर सामूहिक रूप से आत्महत्या करने के लिए कार में बम विस्फोट कर दिया। हालांकि, विस्फोट पहले युवती और चालक कार से कूद गए। इससे दोनों की जान बच गई, लेकिन युवक की विस्फोट से लगी आग में जलने से मौत हो गई। पुलिस अब विस्फोटक की जानकारी जुटा रही है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि मृतक युवक नागेंद्र कुमार (30) है। उसके बेंगलुरु की ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन युवती से प्रेम संबंध थे। हाल ही में उनका अलगाव (ब्रेकअप) हो गया था। युवती ने निजी मतभेदों के चलते नागेंद्र का फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि शनिवार (27 जून) सुबह बेंगलुरु के जयनगर स्थित किराए के मकान में नागेंद्र का उस युवती से किसी बात को लेकर बड़ा झगड़ा हो गया था।
अपरहण
नागेंद्र ने झगड़े के बाद किया युवती का अपहरण
पुलिस ने बताया कि झगड़े के बाद नागेंद्र ने युवती से जबरदस्ती की और उसे जबरन पीले रंग की उबर कैब में बिठाकर उसका अपहरण कर लिया। युवती के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने जयनगर पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि अंकोला की यात्रा के दौरान नागेंद्र ने युवती को जान से मारने की धमकी दी थी और उसने उसे अपने पास मौजूद बम जैसा विस्फोटक भी दिखाया था।
अपराध
नागेंद्र ने इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने बताया कि अंकोला की यात्रा के दौरान जोगीहल्ली के पास नागेंद्र का कार में दोबारा युवती से झगड़ा हो गया। इस पर नागेंद्र ने कथित तौर पर चलती गाड़ी में युवती पर चाकू से हमला कर दिया। ऐसे में उबर चालक प्रवीण ने कार रोक दी। इसके बाद युवती और चालक दोनों दरवाजा खोलकर कार से बाहर कूद गए। इसके बाद कार में एक जोरदार विस्फोट हुआ और नागेंद्र मदद पहुंचने से पहले ही जलकर राख हो गया।
जांच
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद युवती को घायल अवस्था में तुमकुरु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। विस्फोट के कारण व्यस्त राजमार्ग पर एक किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। तुमकुरु पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक केवी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नागेंद्र के पास बम जैसा विस्फोटक उपकरण होने की पुष्टि हुई है। ऐसा प्रतीत होता है कि उसने जानबूझकर विस्फोट किया। पुलिस विस्फोटक की सटीक प्रकृति का पता लगाने का प्रयास कर रही है।