बेंगलुरु में पार्किंग हुई महंगी, अब सालाना हजारों चुकाने के लिए रहें तैयार
बेंगलुरु में पार्किंग के नियम जल्द ही बदलने वाले हैं। कर्नाटक सरकार ने रिहायशी इलाकों में पार्किंग के लिए साल भर के परमिट का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत छोटी कारों के लिए 15,000 रुपये, सेडान के लिए 20,000 रुपये और SUV के लिए 25,000 रुपये का शुल्क तय किया गया है। इन ड्राफ्ट नियमों का एलान 11 अगस्त को किया गया था।
नए ड्राफ्ट में क्या है?
गैर-रिहायशी इलाकों में सड़क किनारे पार्किंग के लिए हर घंटे का शुल्क कारों के लिए 40 से 80 रुपये के बीच होगा, जबकि दोपहिया वाहनों को 20 से 40 रुपये चुकाने होंगे। यह शुल्क सड़क के प्रकार के हिसाब से अलग-अलग होगा।
वहीं, सड़क से हटकर पार्किंग करना थोड़ा सस्ता पड़ेगा। यहां कारों के लिए हर घंटे 20 से 40 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 10 से 20 रुपये का शुल्क तय किया गया है।
अगर कोई महीने भर के लिए ऑफ-स्ट्रीट पार्किंग चाहता है, तो उसे 1,000 से 4,000 रुपये चुकाने होंगे। खास बात यह है कि रात 8 बजे से सुबह 8 बजे के बीच पार्किंग करने पर मासिक शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। नियमों में यह भी कहा गया है कि सड़क पर गाड़ी जितनी ज़्यादा देर खड़ी रहेगी, उतना ही ज्यादा शुल्क देना पड़ेगा। सरकार इन नियमों को अंतिम रूप देने से पहले अगले 30 दिनों तक जनता से सुझाव और प्रतिक्रिया लेगी।