LOADING...
कर्नाटक: भाजपा समर्थक पर 16 दलितों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप, मामला दर्ज
कर्नाटक में भाजपा समर्थक ने 16 दलितों को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया

कर्नाटक: भाजपा समर्थक पर 16 दलितों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप, मामला दर्ज

Oct 11, 2022
07:45 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में भाजपा के कट्टर समर्थक जगदीश गौड़ा पर अपने कॉफी बागान में 16 दलितों को प्रताड़ित कर कई दिनों तक बंधक बनाए रखने का आरोप लगा है। पीड़ितों का आरोप है कि गौड़ा की प्रताड़ना के कारण बंधकों में शामिल एक गर्भवती महिला को अपना बच्चा तक खोना पड़ा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है और गर्भवती महिला का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

प्रकरण

कर्ज न चुकाने पर बनाया बंधक

बालेहोन्नूर पुलिस ने बताया कि अनसूचित जाति के चार परिवारों के 16 लोग जगदीश गौड़ा के जेनुगड्डे स्थित कॉफी बागान पर मजदूरी करते थे। उन्होंने गौड़ा से 9 लाख रुपये का कर्ज लिया था, लेकिन मजदूरों ने उसे चुकाया नहीं। पुलिस ने बताया कि कर्ज की राशि वसूलने के लिए गौड़ा और उसके बेटे तिलक गौड़ा ने परिवार के सभी लोगों को बंधक बना लिया था। मजदूरों ने गौड़ा और उसके बेटे पर मारपीट का आरोप भी लगाया है।

शिकायत

पीड़ितों ने 8 अक्टूबर को दी थी पहली शिकायत

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ पीड़ितों ने 8 अक्टूबर को बालेहोन्नूर पुलिस थाने पहुंचकर गौड़ा और उसके बेटे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने शिकायत वापस ले ली थी। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर को एक गर्भवती महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और चिक्कमगलुरु पुलिस अधीक्षक (SP) उमा प्रशांत को नई शिकायत दी थी। SP के आदेश पर उन्होंने मामला दर्ज किया था।

Advertisement

बयान

पुलिस दबिश में मौके पर बंद मिले 10 लोग

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद एक पुलिस टीम ने गौड़ा के बागान पर पहुंचकर जांच की तो वहां 10 लोग एक कमरे में बंद पाए गए। पुलिस टीम के पूछताछ करने पर गौड़ा ने उन्हें छोड़ दिया था। पुलिस के अनुसार, 16 लोगों को पिछले 15 दिनों से बंधक बना रखा था। उनसे मारपीट भी की गई थी। इसके कारण शिकायतकर्ता गर्भवती महिला के पेट में चोट लगने से उसको अपना बच्चा भी खोना पड़ा था।

Advertisement

बयान

मारपीट में खोया दो महीने का बच्चा

पीड़ित गर्भवती महिला अर्पिता ने पुलिस को बताया कि उसे एक दिन के लिए बंधक बनाया गया था। उसके साथ मारपीट भी की गई और मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया गया था। आरोपियों ने उसका फोन भी जब्त कर लिया था। पीड़िता की मां ने बताया कि जगदीश गौड़ा ने उसकी बेटी और दामाद की पिटाई की थी। वह दो महीने की गर्भवती थी। इस वजह से उसको अपना बच्चा खोना पड़ा। गौड़ा ने उसके साथ बुरा बर्ताव किया था।

जानकारी

आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ दर्ज किया मामला- SP

इधर, SP ने कहा कि घटना के संबंध में गौड़ा और उसके बेटे के खिलाफ दलितों पर अत्याचार के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद से ही दोनों फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

किनारा

भाजपा ने किया गौड़ा से किनारा

इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने गौड़ा से किनारा कर लिया है। पार्टी के जिला प्रवक्ता वरसिद्धि वेणुगोपाल ने इन दावों को खारिज कर दिया कि गौड़ा भाजपा के नेता हैं। उन्होंने कहा, "न तो जगदीश पार्टी कार्यकर्ता हैं और न ही सदस्य हैं। वह सिर्फ एक भाजपा समर्थक हैं। वह पार्टी के लिए किसी भी अन्य मतदाता की तरह ही हैं।" भाजपा के इस बयान को विवाद से बचने की नीति माना जा रहा है।

Advertisement