LOADING...
कानपुर लेम्बोर्गिनी हादसे के 4 दिन बाद तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम दिल्ली से गिरफ्तार
लेम्बोर्गिनी हादसा मामले में शिवम मिश्रा गिरफ्तार

कानपुर लेम्बोर्गिनी हादसे के 4 दिन बाद तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम दिल्ली से गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Feb 12, 2026
10:06 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के कानपुर में लेम्बोर्गिनी हादसा मामले में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा (45) को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। हादसा रविवार को हुआ था, जिसके 4 दिन बाद शिवम को हिरासत में लिया गया है। उससे पहले उसके पिता ने शिवम के दिल्ली में होने की बात कही थी। मिश्रा ने पुलिस को बताया था कि शिवम दिल्ली में इलाज करा रहा है। डॉक्टरों ने उसे कहीं आने-जाने से मना किया है।

आरोप

शिवम के चालक ने ली है हादसे की जिम्मेदारी, कोर्ट में पेश शिवम

बुधवार को शिवम के चालक मोहन ने कोर्ट और मीडिया के सामने आकर रविवार को हुए हादसे की जिम्मेदारी ली थी। उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण अर्जी दाखिल की थी और कहा था कि हादसे के दिन वह कार चला रहा था, जबकि शिवम दूसरी सीट पर बैठा था। कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार किया है। शिवम को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी और पूछताछ के लिए हिरासत में लेगी।

ट्विटर पोस्ट

पुलिस की गिरफ्तार में आरोपी

Advertisement

आरोप

पुलिस ने शिवम पर कार चलाने का आरोप लगाया

पुलिस का दावा है कि हादसे के दिन शिवम कार चला रहा था। घटना से मिले साक्ष्यों के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, शिवम के पिता मिश्रा लगातार इस बात से इनकार कर रहे हैं कि कार उनका बेटा चला रहा था। उन्होंने पुलिस में बयान दिया था कि कार उनके चालक मोहन चला रहे थे। उन्होंने बताया था कि घटना वाले दिन शिवम की तबीयत खराब थी।

Advertisement

घटना

क्या है लेम्बोर्गिनी हादसा मामला?

रविवार दोपहर को कानपुर के पॉश ग्वालटोली इलाके में लेम्बोर्गिनी कार ने 6 लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद इलाके में हंगामा शुरू हो गया। पहले पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप लग रहा था। हालांकि, अब पुलिस ने स्वीकार किया है कि कार को शिवम मिश्रा चला रहे थे। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा, "जांच के दौरान, सबूतों, CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के माध्यम से शिवम मिश्रा की संलिप्तता की पुष्टि हुई।"

Advertisement