कानपुर कारोबारी हत्याकांड में बेटे की भूमिका पर संदेह, हत्यारे ने 6 बार किया था फोन
क्या है खबर?
कानपुर के 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या में नया मोड़ आ गया है। उनके बेटे सुब्रत और कथित हत्यारे के बीच कई बार हुए फोन कॉल ने जांच की दिशा ही मोड़ दी है। पुलिस को पता चला है कि कथित हत्यारे ने सुब्रत को 6 बार फोन किया था। ये फोन उसने 3 सितंबर को खरीदी गई एक नई सिम से किए थे। इसी नंबर से सुब्रत की पत्नी को भी फोन किए गए।
बयान
पुलिस आयुक्त बोले- विशाल ने सुब्रत को फोन क्यों किए?
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि कथित शूटर विशाल गौतम ने मिनोचा की हत्या से 2 दिन पहले नई सिम खरीदी थी। इससे उसने सुब्रत की पत्नी शालू से बात की थी। इसके अलावा उसने सुब्रत को भी 6 बार फोन किए।
उन्होंने कहा, "अगर शालू ने हत्या की योजना बनाई, साजिश रची और विशाल ने अपराध के लिए एक नया नंबर खरीदा, तो उस नंबर से सुब्रत को कॉल क्यों किए गए।"
फोन
सुब्रत और विशाल के बीच 309 बार बात हुई
पुलिस ने सुब्रत, शालू और विशाल से जुड़े 7 मोबाइल नंबरों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले हैं। इसमें पता चला है कि 1 मई से 5 सितंबर के बीच सुब्रत और विशाल के बीच 309 बार बात हुई थी।
हत्या के बाद 6 सितंबर की सुबह 7:57 बजे विशाल ने नया सिम बंद कर दिया।
ये भी सामने आया कि हत्याकांड के लिए जब विशाल और उसका दोस्त राजकिशोर अपार्टमेंट में पहुंचे तो दोनों के बीच 3 बार बात हुई।
गिरफ्तारी
बहू शालू पर हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस ने कारोबारी की बहू शालू को भी गिरफ्तार किया है। हत्यारे विशाल ने बताया कि शालू ने हत्या के बदले उसे 6 लाख रुपये देने की बात कही थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, शालू ससुर द्वारा कैमरों से निगरानी किए जाने, देर रात पार्टियों में शामिल होने पर आपत्ति जताने और घरेलू खर्चों पर नियंत्रण को लेकर नाराज थी।
इसके बाद उसने पुराने नौकर विशाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हत्या
क्या है हत्याकांड का मामला?
कानपुर के इंदिरा नगर निवासी मिनोचा की 5 सितंबर की रात उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर पर चाकू के 26 घाव थे।
इस दौरान उनके बेटे सुब्रत परिवार के साथ पार्टी करने बाहर गए थे। रात 3 बजे वे घर लौटे तो घटना का पता चला।
पुलिस ने कारोबारी के नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर को गिरफ्तार किया था। विशाल ने कारोबारी की बहू शालू पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।