
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 5,561 श्रद्धालुओं ने किया था आवेदन, सिर्फ 750 का हुआ चयन
क्या है खबर?
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए बुधवार को विदेश मंत्रालय ने लकी ड्रॉ का आयोजन किया, जिसमें तीर्थ यात्रा में जाने के लिए 750 श्रद्धालुओं का चयन हुआ है।
लकी ड्रॉ दिल्ली के जवाहरलाल भवन में निकाला गया, जिसमें केंद्रीय विदेश और पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शामिल थे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि लकी ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और निष्पक्ष थी, जिसमें सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर दिया गया था।
आवेदन
5,561 श्रद्धालुओं ने किया था आवेदन
कैलाश यात्रा के लिए 5,561 श्रद्धालुओं ने आवेदन किया था, जिसमें 4,024 पुरुष और 1,537 महिला आवेदक शामिल हैं।
चयनित उम्मीदवारों को SMS और ईमेल भेजा गया है। वे यात्रा वेबसाइट kmy.gov.in या हेल्पलाइन 011-23088133 पर जानकारी ले सकते हैं।
यात्रा 2 मार्गों उत्तराखंड के लिपुलेख और सिक्किम के नाथू ला मार्ग से जाएगी। लिपुलेख से 50 यात्रियों के 5 जत्थे (250 यात्री) और नाथू ला से 50 यात्रियों के 10 जत्थे (500 यात्री) जाएंगे, जिसमें 2-2 संपर्क अधिकारी होंगे।
यात्रा
30 जून से शुरू हो रही है यात्रा
कैलाश मानसरोवर यात्रा 30 जून से पिथौरागढ़ से ही शुरू हो रही है, जो 25 अगस्त तक जारी रहेगी। इस बार यत्रा 21 दिन की होगी।
पांच साल के बाद शुरू हो रही इस पवित्र यात्रा के लिए इस बार तीर्थ यात्री सिक्किम स्थित भारत-चीन सीमा पर नाथुला दर्रा के रास्ते से भी रवाना हो सकेंगे।
वर्ष 2019 तक यात्रा का शुल्क 35,000 रुपये था, जबकि इस बार यह बढ़कर 56,000 रुपये कर दिया गया है।
जानकारी
5 साल से बंद थी यात्रा
वर्ष 2020 में यात्रा को पहले कोरोना वायरस, उसके बाद गलवान घाटी में भारत और चीनी सेना के बीच हुए संघर्ष के कारण रोक दिया गया था। अब दोनों देशों में सहमति के बाद नाथुला दर्रा फिर से खोल दिया गया है।
ट्विटर पोस्ट
यात्रा की जानकारी देते अधिकारी
कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए 750 तीर्थयात्रियों का चयन किया गया। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह की अध्यक्षता में कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रक्रिया से इन तीर्थयात्रियों का चयन हुआ। इस यात्रा के लिए 5 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
— PB-SHABD (@PBSHABD) May 21, 2025
ख़बर विस्तार से पढ़ने के लिए जुड़ें… pic.twitter.com/elTx0GdIyz