सबरीमाला के पवित्र घी में 2.5 करोड़ की हेराफेरी, मंत्री ने देवस्वोम बोर्ड को घेरा
केरलम के देवस्वोम मंत्री के मुरलीधरन ने त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सबरीमाला मंदिर के चढ़ावे के लिए लाए गए 11,000 लीटर मिलमा घी में हेराफेरी की गई है। कहा जा रहा है कि इस शुद्ध घी की जगह सस्ता घी इस्तेमाल किया गया, जिससे मंदिर को करीब 2.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। केरल हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (VACB) पहले से ही इन कथित गड़बड़ियों की जांच कर रहा था। इसी सिलसिले में हाल ही में ट्रांसपोर्ट ठेकेदार एस एस बिनु को गिरफ्तार भी किया गया है।
VACB ने क्या की है कार्रवाई?
VACB ने ट्रांसपोर्ट ठेकेदार एस एस बिनु को गिरफ्तार कर लिया है। अब ब्यूरो यह जांच कर रहा है कि असली घी कहां भेजा गया। आशंका है कि इसे तमिलनाडु की कुछ एजेंसियों को दे दिया गया होगा। मंत्री मुरलीधरन ने साफ कहा है कि इस पूरे मामले में देवस्वोम बोर्ड के अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। राज्य सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखे हुए है।