असम: बेटे ने अपने ही घर से चुराए 50 लाख रुपये की नकदी और गहने, पुलिस ने दबोचा
देश
असम के जोरहाट में अपने ही घर से 50 लाख रुपये नकद और सोने के गहने चुराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह चोरी उस समय हुई जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे। इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब युवक के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कर रही है प्रेमिका और 2 पत्रकारों की जांच
आरोपी युवक ने इन गहनों का कुछ हिस्सा बेचकर अपनी प्रेमिका के लिए 1.5 लाख रुपये का आईफोन समेत कई महंगे तोहफे खरीदे। इसके अलावा, उसने घूमने-फिरने और पार्टियों पर भी खूब पैसे उड़ाए। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या उसकी प्रेमिका को इस चोरी के पैसे की जानकारी थी। पुलिस दो पत्रकारों की भी जांच कर रही है, जिन पर चोरी का सामान बेचने में उसकी मदद करने का आरोप है।