कोविड-19 महामारी में लूटे लाखों रुपये, PPE घोटाले में जोगेश भंडारी को 8 साल की जेल
ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक दंपति जोगेश और मीना भंडारी को कोविड-19 के दौरान हुए 1.8 अरब डॉलर के PPE किट घोटाले के आरोप में सजा सुनाई गई है।
महामारी के मुश्किल दौर में, इन दोनों ने कंपनियों को बेहद जरूरी PPE किट देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने कभी ये सामान पहुंचाया ही नहीं।
इसका नतीजा यह हुआ कि कंपनियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी जरूरी चीजों की कमी से जूझना पड़ा।
जोगेश भंडारी ने लाखों ऐशो-आराम पर लुटाए
जोगेश ने साल 2020 में एक कंपनी खोली थी, जिसे वही संभालते थे। उन्होंने कारोबारियों से लाखों डॉलर ठगे और फिर उन पैसों से पॉर्श जैसी महंगी गाड़ियां खरीदीं, लग्जरी घड़ियां लीं और अपने घर को आलीशान बना लिया। इस धोखाधड़ी के लिए जोगेश को 8 साल की जेल हुई है।
वहीं, मीना को 2 साल की निलंबित सजा के साथ 250 घंटे की सामुदायिक सेवा करने का आदेश मिला है। उनकी इस हरकत से केवल पैसे का नुकसान नहीं हुआ, बल्कि फ्रंटलाइन पर काम कर रहे लोगों के लिए अपनी सुरक्षा का सामान जुटाना और भी मुश्किल हो गया।