LOADING...
झारखंड में युवक ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव के 40 टुकड़े किए
झारखंड: युवक ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर टुकड़े किए

झारखंड में युवक ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव के 40 टुकड़े किए

लेखन गजेंद्र
Nov 28, 2024
11:49 am

क्या है खबर?

झारखंड के खूंटी जिले में दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर उसके शव के 40 टुकड़े कर दिए। आरोपी की पहचान नरेश भेंगरा के रूप में हुई है, जो कसाई का काम करता है। वह जरियागढ़ थाना क्षेत्र के जोजोदाग गांव का रहने वाला है। 24 वर्षीय युवती गांगी रांची के मालगो टंगराटोली गांव की रहने वाली थी। नरेश अभी पुलिस गिरफ्त में है।

घटना

क्या है मामला?

घटना का खुलासा 25 नवंबर को तब हुआ, जब एक आवारा कुत्ते को मानव अंगों के साथ देखा गया। पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने छानबीन शुरू की। जांच में नरेश का नाम आया तो उसे गिरफ्तार किया गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी गांगी से मुलाकात मालगो टंगराटोली गांव में हुई थी क्योंकि वहां उसका ननिहाल था। ननिहाल आने-जाने के दौरान दोनों में प्रेम हो गया। इसके बाद युवती जोजोदाग आकर नरेश संग रहने लगी।

हत्या

प्रेमी की शादी से नाराज थी युवती

इसके बाद गांगी और नरेश काम के सिलसिले में तमिलनाडु चले गए। यहां नरेश ने चिकन मीट शॉप पर काम किया। इसी बीच उसने झारखंड आकर शादी कर ली। इसके बाद नरेश तमिलनाडु जाकर गांगी के साथ भी रहता था। दोनों 8 नवंबर को खूंटी जा रहे थे, लेकिन नरेश उसे जोजोदाग नहीं ले जाना चाहता था। इसलिए भगवान पांच टोंगरी गांव में रुककर उसने गागी से संबंध बनाए और वहीं गला घोंटकर हत्या कर दी।

टुकड़े

शव के टुकड़े कर जंगल में फेंका

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने युवती की हत्या के बाद शव के 40 से 50 टुकड़े किए और उनको जंगल में जंगली जानवरों के लिए फेंक दिया। आरोपी मुर्गा काटने में माहिर था, इसलिए उसे कोई झिझक नहीं हुई। आरोपी ने बताया कि वह वापस अपनी पत्नी के पास आ गया। उसने बताया कि गांगी को उसकी शादी का पता चल गया था और वह विरोध कर रही थी। इसलिए आरोपी ने उसकी हत्या की।

गिरफ्तार

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

पुलिस ने बताया कि जब जंगल में मानव अंगों की जानकारी हुई तो आसपास खोज करने पर महिला का एक बैग मिला, जिसमें उसका सामान और आधार कार्ड था। वस्तुओं की पहचान के लिए मृतका की मां को बुलाया गया, जिन्होंने उसके सामान की पहचान की। मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ रहने की बात कही थी और हत्या में उसका हाथ बताया। इसके बाद पुलिस ने नरेश को गिरफ्तार किया।

हत्याकांड

क्या है दिल्ली का श्रद्धा हत्याकांड

मई 2022 में आफताब ने दिल्ली में 27 वर्षीय श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसने शव को 35 टुकड़ों में काटकर 20 दिन तक फ्रिज में रखा था। इसके बाद उसने सभी टुकड़ों को दिल्ली के महरौली के जंगल में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था। नवंबर 2022 में श्रद्धा के पिता के गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ था। इस भयावह घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।