जापान के मंत्री ने की दिल्ली मेट्रो की सैर, संग्रहालय में देखा इतिहास
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे जापान के लैंगिक समानता मंत्री मसानोबु ओगुरा ने शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो की सैर की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात की और परियोजना के बारे में जानकारी ली। ओगुरा ने केंद्रीय सचिवालय से लेकर चावड़ी बाजार तक मेट्रो की यात्रा की। इसके बाद प्रदर्शनी के माध्यम से दिल्ली मेट्रो परियोजना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर बनाए गए संग्रहालय के जरिए दिल्ली मेट्रो के इतिहास को भी जाना।
पिछले दिनों आए थे जापान के विदेश मंत्री
बता दें कि पिछले महीने जापान के विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो का सफर किया और यात्रा का लुत्फ उठाया। इस दौरान वह संग्रहालय भी देखने पहुंचे थे और अधिकारियों से बातचीत की थी। हयाशी भारत-जापान रणनीतिक संबंधों की समीक्षा करने और उन्हें मजबूत करने के इरादे से 2 दिवसीय यात्रा पर दिल्ली आए थे। इस दौरान उन्होंने अपने समकक्ष एस जयशंकर से भी मुलाकात की थी।