
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 2 किशोर लापता, 2 दिन पहले मिले थे 3 अन्य शव
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अब 2 किशोरों के लापता होने की खबर है। उनकी तलाश में पुलिस और सेना ने अभियान तेज कर दिया है।
लापता किशोरों की पहचान मोहम्मद दीन और रहमान अली के रूप में हुई है। उन्हें आखिरी बार राजबाग इलाके में देखा गया था।
किशोरों के लापता होने के पीछे आतंकी साजिश बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस और सुरक्षा बलों को कोई जानकारी नहीं मिली है। किशोरों के परिजनों से पूछताछ जारी है।
लापता
पिछले दिनों लापता हुए 3 स्थानीय लोग
कठुआ में ही 5 मार्च को 3 स्थानीय नागरिक योगेश सिंह (32), दर्शन सिंह (40) और वरुण सिंह (15) लोहाई मल्हार में एक शादी में जाते समय लापता हो गए थे।
काफी तलाश के बाद 8 मार्च को तीनों के शव इशू नाला में मिले, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गईं।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि तीनों नागरिकों की हत्या आतंकवादियों ने की है और यह इलाके में माहौल खराब करने की गहरी साजिश है।
विरोध
घटना के विरोध में प्रदर्शन
जम्मू-कश्मीर में स्थानीय लोगों के गायब होने और बाद में उनके शव मिलने के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया था। रविवार को भी बिलावर और आसपास के इलाकों को बंद रखा गया था।
मामले में लोगों की नाराजगी बढ़ने के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हत्याओं की गहन जांच के आदेश दिए हैं। केंद्रीय गृह सचिव भी जम्मू-कश्मीर पहुंच सकते हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हत्या को बर्बर बताया और कहा था कि समाज में इसका कोई स्थान नहीं।