Page Loader
कश्मीर में भी पसीना छुड़ा रही गर्मी, AC की बिक्री में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी
जम्मू-कश्मीर में बढ़ रहा है तापमान (प्रतीकात्मक तस्वीर: एक्स/@Junaid_Mattu)

कश्मीर में भी पसीना छुड़ा रही गर्मी, AC की बिक्री में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी

लेखन गजेंद्र
Jul 11, 2025
01:28 pm

क्या है खबर?

दक्षिण समेत उत्तर भारत में मानसून का असर है, लेकिन फिर भी कश्मीर घाटी में आसमान से आग बरस रही है। गर्मी की वजह से पंखे, कूलर और AC की मांग बढ़ गई है। दरअसल, मैदान में भीषण गर्मी के समय जम्मू-कश्मीर में सदाबहार मौसम और हल्की गर्मी रहती है, लेकिन इस बार श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला और कुलगाम में तापमान बढ़ गया है। रात का मौसम सही है, लेकिन दिन की गर्मी स्थानीय लोगों के लिए असहनीय हो रही है।

तापमान

कितना बढ़ा जम्मू-कश्मीर का तापमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, श्रीनगर में गुरुवार को अधिकतम तामपान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं, जम्मू शहर में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नमी भी अधिक है। IMD ने अगले कुछ दिनों में तापमान 33 से 35 डिग्री पहुंचने की संभावना जताई है। जलवायु विशेषज्ञ पहाड़ पर इतनी गर्मी को पर्यावरण के लिए खतरे की घंटी बता रहे हैं।

मांग

60 प्रतिशत बढ़ी AC की बिक्री

इंडिया टुडे के मुताबिक, अनंतनाग के एक दुकानदार ने बताया कि जुलाई में ऐसे ग्राहक AC के लिए पहले कभी नहीं देखे गए, जो इस बार है, पिछले वर्ष जुलाई की तुलना में इस बार AC की बिक्री में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। AC मैकेनिक उमर बताते हैं कि AC-कूलर मरम्मत का काम भी 80 प्रतिशत बढ़ गया है, लोग अब कूलर की जगह AC चलाना चाहते हैं।