
श्रीनगर में मारे गए पहलगाम हमले के तीनों आतंकियों की पहचान हुई
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार को 'ऑपरेशन महादेव' में मारे गए पहलगाम हमले के तीनों आतंकियों की पहचान हो गई है। मारे गए आतंकियों की पहचान उनको शरण देने वाले आरोपियों ने की है, जो इस समय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की गिरफ्त में हैं। NIA अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को कोट लखपत जेल ले जाने से पहले मुठभेड़ स्थल पर ले जाया गया और पुष्टि कराई गई थी। आरोपियों ने आतंकियों को अस्थायी शरण दी थी।
पहचान
कौन हैं हाशिम मूसा के अलावा अन्य 2 आतंकी?
मृतकों में एक सुलेमान शाह उर्फ हाशिम मूसा है, जो पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड था। उसकी पहचान कल ही हो गई थी। दूसरे आतंकी की पहचान जिबरान के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आतंकी हमजा अफगानी है। तीनों में एक का असली नाम हुबैब ताहिर है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के खैगाला का निवासी है। तीनों आतंकियों को आरोपियों ने ढोक (अस्थायी आश्रय) में शरण दी थी। तीनों पाकिस्तानी नागरिक थे और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सदस्य थे।
जांच
जिबराम और हमजा सोनमर्ग हमले से भी जुड़े थे आतंकी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूसा के साथ जिबरान और हमजा काफी समय से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय थे। हमजा और जिबरान ने 2024 में सोनमर्ग सुरंग हमले को भी अंजाम दिया था। मूसा पाकिस्तान की सेना के विशेष सेवा समूह (SSG) का पूर्व पैरा-कमांडो था, लेकिन उसे बर्खास्त कर दिया था। बाद में वह LeT में शामिल हो गया। मूसा प्रशिक्षित पैरा कमांडो था और अपरंपरागत युद्ध और गुप्त अभियानों में माहिर था।
ऑपरेशन
सेना ने तीनों को कैसे ढेर किया?
दाचीगाम इलाके के लिडवास में महादेव पहाड़ियों के जंगलों में आतंकियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिलने पर सेना ने 'ऑपरेशन महादेव' शुरू किया था। सेना ने एक सैटेलाइट फोन ट्रांसमिशन और तकनीकी सिग्नल को इंटरसेप्ट करने के बाद ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके पर काफी समय तक नजर रखी। इसके बाद सोमवार को तीनों को मार गिराया गया। आतंकियों के पास से 17 ग्रेनेड, एक M-4 कार्बाइन, 2 AK-47 राइफलें बरामद की गई हैं।
जानकारी
पहलगाम हमले में मारे गए थे 26 पर्यटक
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में स्थित बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोष पुरुष पर्यटकों को गोली मार दी थी। कुछ पर्यटक शादी के बाद पहली बार हनीमून पर पहुंचे थे। इस घटना के बाद भारत-पाकिस्तान तनाव बढ़ गया था।