Loading...
जम्मू-कश्मीर के DGP ने बताया- 2 साल में सिर्फ 2 कश्मीरी युवक लश्कर में शामिल हुए
जम्मू-कश्मीर के DGP प्रभात नलिन ने बताया कि 2 साल में सिर्फ 2 कश्मीरी युवक लश्कर में शामिल हुए

जम्मू-कश्मीर के DGP ने बताया- 2 साल में सिर्फ 2 कश्मीरी युवक लश्कर में शामिल हुए

लेखन गजेंद्र
Nov 18, 2026
05:21 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने बुधवार को बताया कि स्थानीय स्तर पर आतंकियों की भर्ती पर लगाम लगी है और ये लगभग शून्य हो गई है। प्रभात ने बताया कि पिछले 2 सालों में सिर्फ 2 कश्मीरी युवा पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) में भर्ती हुए हैं। प्रभात ने यह बात तब कही, जब बुधवार को कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट और सोमवार को उसका साथी उमर निसार डार मारे गए हैं।

मुठभेड़

कुलगाम में मारे गए दोनों आतंकी कश्मीरी युवक

कुलगाम में मारे गए दोनों आतंकी कश्मीर के रहने वाले थे। सोमवार को डार को मुठभेड़ में ढेर किया गया, जो 19 साल का था और अर्रेह का रहने वाला था।

वह पहले बेकरी में काम करता था, लेकिन अचानक लापता हो गया। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन उसका पता नहीं चला। वह लश्कर में शामिल हो गया था।

भट (25) खेरवान का रहने वाला था, जो नवंबर 2025 में गायब हुआ था।

अभियान

भट को बताया आखिरी स्थानीय आतंकी

DGP प्रभात ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस पिछले 35 सालों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से लड़ रही है और आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने वाले नेटवर्क को खत्म कर रही है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को जो आतंकी भट मारा गया है, वह स्थानीय स्तर पर भर्ती होने वाला आखिरी आतंकवादी था।

DGP ने पिछले 3 दशकों में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाले 1,623 पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी।

ADVERTISEMENT