जामिया मिलिया इस्लामिया में अब ऑनलाइन लगेंगी कक्षाएं, परिसर में प्रदर्शन के बीच फैसला
क्या है खबर?
दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। अगले आदेश तक अब कक्षाएं ऑनलाइन ही लगेंगी। ये फैसला परिसर में चुनावों की बहाली को लेकर चल रहे प्रदर्शनों के बीच लिया गया है। इन प्रदर्शनों के दौरान छात्रों और गार्ड्स के बीच झड़प भी हुई है। बीते दिन कथित तौर पर विवादित नारे लगाए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया है।
नारे
कश्मीर से जुड़े नारों पर विवाद
शुक्रवार को खबरें आई थीं कि प्रदर्शन के दौरान परिसर में कथित तौर पर 'आजाद कश्मीर' के नारे लगाए गए थे।
हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों और उनसे मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने इन आरोपों को खंडन किया है।
मसूद ने कहा, "वहां 'आजाद कश्मीर' की मांग करने वाला कोई नारा नहीं लगाया गया, एक भी नहीं। मैंने सबके सामने खड़े होकर ऐसे नारों की कड़ी निंदा की और कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।"
प्रदर्शन
क्यों हो रहे हैं प्रदर्शन?
जामिया के छात्र पिछले कुछ हफ्तों से प्रदर्शन कर रहे हैं। वे छात्र संघ (JMISU) को बहाल करने और विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी।
यह प्रदर्शन 12 अक्टूबर को शुरू हुआ था। तब 5 छात्रों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी।
विरोध प्रदर्शनों के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन को अपना 106वें स्थापना दिवस समारोह रद्द करना पड़ा था।