करवा चौथ ने तोड़ी 13 साल की शादी, दूसरे के लिए व्रत रखने पर पति को मिला तलाक
जयपुर की एक फैमिली कोर्ट ने एक पति को तलाक दे दिया है। पति का दावा था कि उसकी पत्नी ने किसी और के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। जज ने इस मामले में कहा कि इससे उनके 13 साल पुराने शादी के रिश्ते में भरोसा पूरी तरह खत्म हो गया।
यह दंपत्ति एक साल से ज्यादा समय से अलग रह रहा था। पति ने अदालत में बताया कि 2019 से उसे मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा था और पत्नी उससे करीब नहीं आती थी।
कोर्ट ने माना- पति को झेलनी पड़ी मानसिक प्रताड़ना
पति ने अदालत को यह भी बताया कि उसकी पत्नी साल 2021 में गोवा गई थी। वहां उसने एक दूसरे शख्स के साथ करवा चौथ मनाया और उसे ही अपना जीवनसाथी माना।
पति ने पत्नी पर यह भी आरोप लगाया कि वह उनके नाबालिग बेटे का सही से ध्यान नहीं रखती थी और उसके माता-पिता के साथ भी गलत व्यवहार करती थी। इन सब बातों के आधार पर कोर्ट ने यह नतीजा निकाला कि पति को मानसिक प्रताड़ना दी गई है और उसे तलाक की मंजूरी दे दी।