Loading...
जयपुर: 9 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या से जुड़ा वीडियो सामने आया, शिक्षकों पर लापरवाही के आरोप
जयपुर के एक स्कूल में छात्रा की आत्महत्या से जुड़े मामले में परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं

जयपुर: 9 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या से जुड़ा वीडियो सामने आया, शिक्षकों पर लापरवाही के आरोप

लेखन आबिद खान
Jul 10, 2026
03:34 pm

क्या है खबर?

जयपुर के एक निजी स्कूल में 9 साल की छात्रा अमायरा की आत्महत्या के मामले में नए CCTV फुटेज ने फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमायरा पिछले साल 1 नवंबर को स्कूल की इमारत की चौथी मंजिल से गिर गई थी। नए वीडियो के आधार पर मृतक छात्रा के परिजनों का दावा है कि अमायरा बार-बार अपनी क्लास टीचर से बात करने और मदद मांगने की कोशिश करती नजर आ रही है।

वीडियो

परिजन बोले- साथी छात्रों ने स्लेट पर कुछ लिखकर अमायरा को दिखाया

अमायरा के परिजनों के अनुसार, वीडियो की शुरुआत में वह सामान्य रूप से कक्षा में आती है। इसके बाद अन्य बच्चे भी कक्षा में आते हैं।

कुछ देर बाद अमायरा अपनी एक सहेली के साथ डांस क्लास में जाती है।

परिजनों का कहना है कि डांस क्लास से लौटने के बाद कुछ छात्र स्लेट पर कुछ लिखकर अमायरा को दिखाते हैं, जिससे वह परेशान हो जाती है। इसके बाद अमायरा कई बार टीचर के पास जाती है।

आरोप

परिजनों का आरोप- अमायरा को सहपाठी परेशान करते थे

परिजनों के मुताबिक, वीडियो में अमायरा कई बार टीचर के पास जाती हुई दिखती है, लेकिन टीचर उसे वापस सीट पर भेज देते हैं। इसी दौरान एक अन्य छात्र भी शिक्षिका से अमायरा की ओर इशारा करते हुए कुछ कहता है।

इसके बाद अमायरा तेजी से क्लास से बाहर निकलकर सीढ़ियों की तरफ जाती है और ये दर्दनाक घटना हो जाती है।

परिवार का आरोप है कि बच्ची की शिकायत के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

ADVERTISEMENT

अन्य आरोप

परिजनों ने ये आरोप भी लगाए

परिवार ने पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट को लेकर कहा कि इसमें आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी धाराएं नहीं जोड़ी गईं।

परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन पर केवल लापरवाही और सबूत छिपाने जैसे आरोप तक किए गए हैं।

अमायरा की मां शिवानी ने पुलिस पर बच्ची की मानसिक स्थिति से जुड़े सवाल पूछने के आरोप लगाए।

परिजनों ने कहा है कि वे पुलिस की चार्जशीट का विरोध करेंगे और जरूरत पड़ने पर राजस्थान हाई कोर्ट का रुख भी करेंगे।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

सामने आया CCTV वीडियो

पुलिस

आरोपों पर पुलिस का क्या कहना है?

जयपुर के DCP दक्षिण राजर्षि राज ने कहा कि चार्जशीट जांच के दौरान मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि कोर्ट में वही आरोप प्रस्तुत किए गए हैं, जो जांच में स्थापित हुए हैं।

वहीं, संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने कहा कि यह मामला स्कूलों में जवाबदेही से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है और बच्चों की सुरक्षा के नियमों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है।

घटना

क्या है बच्ची की आत्महत्या का मामला?

1 नवंबर, 2025 को नीरजा मोदी स्कूल में चौथी क्लास की छात्रा अमायरा ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी। वह चौथी मंजिल की रेलिंग से लगभग 48 फीट नीचे गिर गई। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरे देश में गुस्सा देखने को मिला था। अब परिजनों ने कक्षा के भीतर का फुटेज जारी किया है।

जानकारी

मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं तो यहां लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

ADVERTISEMENT