ISRO का अलर्ट: देश के 70 प्रतिशत हिस्से पर छाया मानसून
इसरो के INSAT-3DR सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में इस समय भारत के करीब 60 से 70 प्रतिशत हिस्से पर मानसून के बादल छाए दिख रहे हैं।
इन तस्वीरों से पता चलता है कि पंजाब से लेकर उत्तर-पूर्व तक घने बादल फैले हुए हैं, साथ ही कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के ऊपर बादलों की लंबी कतारें भी दिखाई दे रही हैं।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान और तमिलनाडु के कुछ हिस्से फिलहाल साफ नजर आ रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के ऊपर दिखे -80°C के तूफानी बादल
INSAT-3DR अंतरिक्ष में पृथ्वी से 36,000 किलोमीटर ऊपर से बादलों की मोटाई और तापमान को ट्रैक करता है।
इसने जम्मू और कश्मीर के ऊपर बेहद ठंडे तूफानी बादल (माइनस 80 डिग्री सेल्सियस तक ठंडे) देखे हैं, जिसका मतलब है कि वहां जोरदार तूफान आ सकते हैं।
एक दिलचस्प बात यह है कि भले ही मानसून के बादल देश के ज्यादातर हिस्से को ढके हुए हों, लेकिन भारी बारिश सिर्फ उन छोटे हिस्सों में ही होती है, जिन्हें 'स्टॉर्म कोर' कहते हैं। ये हिस्से किसी भी समय भारत के कुल क्षेत्रफल के 10 प्रतिशत से भी कम होते हैं।