LOADING...
ISRO के पूर्व कर्मचारी ने पत्नी की हत्या की, बोला- अपने भविष्य को लेकर चिंतित थी
पत्नी संध्या की हत्या करने वाले ISRO के पूर्व कर्मचारी नागलेश्वर राव अपनी टीम का नेतृत्व कर चुके हैं और अब अवसाद से जूझ रहे थे

ISRO के पूर्व कर्मचारी ने पत्नी की हत्या की, बोला- अपने भविष्य को लेकर चिंतित थी

लेखन गजेंद्र
Feb 18, 2026
04:42 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के बेंगलुरु में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के एक पूर्व कर्मचारी ने बुधवार को अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी कर्मचारी 72 वर्षीय नागलेश्वर राव हैं, जबकि उनकी मृतक पत्नी की पहचान 65 वर्षीय संध्या श्री के रूप में हुई है। उन्होंने वारदात को बुधवार सुबह अपने आवास पर अंजाम दिया। दंपति अवलाहल्ली थाना क्षेत्र के व्हाइटफील्ड में स्थित वर्चुओसो अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में साथ रहते थे। पुलिस ने राव को गिरफ्तार कर लिया है।

सूचना

खुद दी पड़ोसियों को हत्या की सूचना

पुलिस ने बताया कि घटना सुबह साढ़े 10 बजे घटी है। इसके बाद राव ने 11 बजे अपने एक पड़ोसी को फोन किया और हत्या की बात कबूली। पड़ोसी ने तुरंत पारिवारिक डॉक्टर से संपर्क किया और उसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो संध्या श्री को अचेत अवस्था में पाया और राव वहीं खड़े थे। पुलिस ने अवलाहल्ली थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्यवाही कर रही है।

हत्या

बुजुर्ग ने क्यों की हत्या?

पुलिस ने बताया कि दंपति आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से हैं। वे पिछले 3 वर्षों से अपार्टमेंट में अकेले रह रहे थे। उनकी बेटी न्यू जर्सी में रहती है। राव ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उनकी पत्नी एक चित्रकार थी, जो हमेशा मेरी मौत के बाद अपने भविष्य को लेकर चिंतित रहती थी। इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि राव ISRO में एक टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। वह अवसाद में हैं।

Advertisement