इजरायल ने पहलगाम हमले की पहली बरसी पर श्रद्धांजलि दी, कहा- आतंकवाद के खिलाफ साथ हैं
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर इजरायल ने अपना संदेश साझा किया है। भारत में इजरायली दूतावास में राजदूत रूवेन अजार ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि इजरायल भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत पर 22 अप्रैल को हमला हुआ था, वैसे ही इजरायल पर 7 अक्टूबर को आतंकवादी हमला हुआ था।
श्रद्धांजलि
इजरायली राजदूत ने क्या कहा?
अजार ने वीडियो में कहा, "आज पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के एक साल हो गए हैं, जब 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। मैं इजरायल की तरफ से पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। इजरायल ने भी 7 अक्टूबर को ऐसा घृणित हमला देखा है। ये दिखाता है कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं है। भारत-इजरायल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में साथ हैं और इसका दृढ़ता से सामना करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।"
ट्विटर पोस्ट
इजरायल के दूतावास का वीडियो
One year since the tragic💔loss of 26 innocent lives in the Pahalgam Terror Attack.
— 🇮🇱 Reuven Azar (@ReuvenAzar) April 22, 2026
We remember. Israel 🇮🇱 stands with India 🇮🇳 in the fight against terror. pic.twitter.com/bg8AHyJS99
हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने भी साझा किया अपना संदेश
पिछले साल 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में घूमने पहुंचे पर्यटकों को निशाना बनाया और 26 पुरुष पर्यटकों का धर्म पूछकर गोली मार दी। इसके बाद देश में आक्रोश फैल गया। भारतीय सेना ने 7 मई को हमले के जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को अपने संदेश में लिखा कि भारत कभी आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा।
जानकारी
इजरायल में 7 अक्टूबर को क्या हुआ था?
इजरायल पर 7 अक्टूबर, 2023 को फिलिस्तीन के सशस्त्र आतंकवादी समूह हमास ने गाजा पट्टी से एक अभूतपूर्व और समन्वित हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और 240 से अधिक को बंधक बनाया गया था। इसके बाद इजरायल ने भीषण युद्ध छेड़ा था।