इजरायल-ईरान तनाव: राहुल गांधी की सरकार से भारतीयों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग
क्या है खबर?
इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर बड़ा हमला बोल दिया है। ईरान में 30 से अधिक जगहों पर मिसाइलें दागी गई हैं। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कदम उठाते हुए इजरायल पर मिसाइलें छोड़ दी। इससे मध्य-पूर्व देशों में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इस पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चिंता जताते हुए सरकार से वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
मांग
राहुल ने क्या की मांग?
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, 'अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तेजी से बढ़ते तनाव बेहद चिंताजनक हैं। मध्य-पूर्व में हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वह हमारे लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल और सक्रिय कदम उठाए।' उनकी यह मांग इजरायल, ईरान और कतर में स्थित भारतीय दूतावासों की ओर से भारतीय नागरिकों के लिए जारी गई एडवाइजरी के बाद आई है।
बयान
आवैसी ने भी जारी किया बयान?
इजरायल-ईरान तनाव पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, "अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान हवा में होता और ऐसा हमला होता, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होता? प्रधानमंत्री को देश को बताना चाहिए कि क्या इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें इस बात की जानकारी दी थी कि इजरायल ईरान पर हमला करने वाला है। अगर दी थी, तो प्रधानमंत्री को तुरंत अपना दौरा रद्द करके देश लौट जाना चाहिए था।"
आरोप
आवैसी ने इजरायल पर लगाया धोखा देने का आरोप
ओवैसी ने कहा, "अगर इजरायल ने हमें यह नहीं बताया कि वह अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमला कर रहा है, तो इजराइल ने हमें धोखा दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे का इस्तेमाल ईरान पर हमला करने और गाजा में फिलिस्तीनियों के नरसंहार को छिपाने के लिए किया है। इससे यह संदेश जाएगा कि भारत इस मामले में इजराइल के साथ है, ईरान के साथ नहीं। इस हमले से भारत को क्या फायदा हो रहा है?"
एडवाइजरी
भारतीय दूतावासों ने क्या जारी की है एडवाइजरी?
इजरायल के तेल अवीव और ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों के को एडवाइजरी जारी कर कहा है, 'क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजरायल में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।' दूतावास ने आगे लिखा, 'भारतीय नागरिकों को इजरायली और ईरानी अधिकारियों के साथ गृह मोर्चा कमान द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी जाती है।'