Page Loader
कौन हैं IRS अधिकारी अनुकाथिर सूर्या, जो महिला से बना पुरुष?
IRS अधिकारी ने रिकॉर्ड में बदलवाया अपना नाम और लिंग (तस्वीर: एक्स/@InformedAlerts)

कौन हैं IRS अधिकारी अनुकाथिर सूर्या, जो महिला से बना पुरुष?

लेखन गजेंद्र
Jul 10, 2024
09:43 am

क्या है खबर?

भारतीय सिविल सेवा के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब किसी प्रशासनिक अधिकारी ने अपना नाम और लिंग बदलने का अनुरोध किया और उसे स्वीकार कर लिया गया। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की वरिष्ठ अधिकारी 35 वर्षीय एम अनुसूया ने वित्त मंत्रालय से अपने सभी आधिकारिक अभिलेखों में नाम और लिंग बदलने का अनुरोध किया था। मंत्रालय ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। इसे वित्त मंत्रालय का ऐतिहासिक निर्णय बताया जा रहा है।

रिकॉर्ड

एम अनुसूया से अनुकाथिर सूर्या हुआ नाम

NDTV के मुताबिक, हैदराबाद में सीमा शुल्क उत्पाद शुल्क और सेवा कर अपीलीय न्यायाधिकरण (CESTAT) के मुख्य आयुक्त (अधिकृत प्रतिनिधि) कार्यालय में संयुक्त आयुक्त एम अनुसूया ने मंत्रालय से अनुरोध किया था कि उनका नाम बदलकर एम अनुकाथिर सूर्या किया जाए और लिंग महिला से पुरुष किया जाए। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि अनुसूया के अनुरोध पर विचार किया गया है और अब से, अधिकारी को सभी आधिकारिक अभिलेखों में एम अनुकाथिर सूर्या के रूप में पहचाना जाएगा।

परिचय

कौन हैं अनुकाथिर सूर्या?

रिपोर्ट के मुताबिक, अनुकाथिर सूर्या ने दिसंबर 2013 में चेन्नई में सहायक आयुक्त के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्हें 2018 में डिप्टी कमिश्नर रैंक पर पदोन्नत किया गया। सूर्या ने पिछले साल हैदराबाद में अपनी वर्तमान पोस्टिंग ज्वाइन की है। उन्होंने चेन्नई में मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार में स्नातक की डिग्री की है। उन्होंने 2023 में भोपाल में नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी से साइबर लॉ और साइबर फोरेंसिक में पीजी डिप्लोमा किया है।