Page Loader
बेंगलुरु भगदड़ की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने इस्तीफा दिया
KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने इस्तीफा दिया

बेंगलुरु भगदड़ की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने इस्तीफा दिया

लेखन गजेंद्र
Jun 07, 2025
11:37 am

क्या है खबर?

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के पदाधिकारियों ने शनिवार को अपना इस्तीफा दे दिया है। KSCA के सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ई जयराम ने शनिवार को एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अपने फैसले की घोषणा की। जयराम ने कहा कि वे इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी ले रहे हैं, हालांकि इसमें उनकी भूमिका बहुत सीमित है।

इस्तीफा

KSCA ने प्रेस विज्ञप्ति ने क्या कहा?

पदाधिकारियों ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "पिछले 2 दिनों में हुई अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के कारण नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए हम यह बताना चाहते हैं कि कल रात हमने KSCA के अध्यक्ष को एक पत्र के माध्यम से KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, हमारी भूमिका बहुत सीमित थी।" बता दें कि इस मामले में दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस ने FIR भी दर्ज की है।

राहत

हाई कोर्ट से मिली है राहत

पुलिस ने भगदड़ मामले में RCB और DNA नेटवर्क्स के अलावा KSCA के पदाधिकारियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, KSCA पदाधिकारी शुक्रवार को हाई कोर्ट पहुंच गए और उन्होंने राज्य सरकार और आयोजकों को जिम्मेदार बताते हुए राहत मांगी थी। कोर्ट ने KSCA के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी अगले आदेश तक रोक दी है। हालांकि, उनको जांच में सहयोग करना होगा। इधर, RCB के मार्केटिंग प्रमुख समेत 4 लोग 19 जून तक हिरासत में हैं।

विवाद

क्या है मामला?

IPL 2025 का खिताब RCB ने जीता, जिसका जश्न मनाने के लिए पूरी टीम बेंगलुरु आई। यहां 4 जून को विजय जूलुस निकाला गया। टीम को चिन्नास्वामी स्टेडियम जाना था, जहां 3 लाख लोग इकट्ठा थे और अंदर जाने को लेकर धक्का-मुक्की करने लगे। इससे भगदड़ मची और 11 लोगों की दबकर मौत हो गई, जबकि 47 घायल हुए। पुलिस ने RCB, KSCA और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच CID को सौंपी है।