मंगलुरु हवाई अड्डे पर उड़ान भरते समय इंडिगो के पंख से निकली चिंगारी, सभी सुरक्षित
क्या है खबर?
कर्नाटक के मंगलुरु हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां सोमवार को बेंगलुरु के लिए उड़ान भरते समय इंडिगो विमान के पंख से चिंगारी निकली, जिससे दहशत फैल गई। पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला। घटना के समय विमान में 229 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य सवार थे। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे घटी है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
हादसा
विमान को मरम्मत के लिए खड़ा किया गया
विमान सोमवार शाम को 6:10 पर उड़ान भरने वाला था और हवाई पट्टी पर चल रहा था, तभी उड़ान भरने से 100 मीटर पहले उसे निचले हिस्से में चिंगारी देखी गई।
पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और विमान की रफ्तार को कम करके उसे हवाई पट्टी पर रोक दिया। बताया जा रहा है कि उसका एक टायर भी फट गया, लेकिन पुष्टि नहीं हुई।
इंजीनियरिंग टीम ने जांच के बाद विमान को ऑन ग्राउंड (AOG) घोषित कर दिया।
उड़ान
दूसरी उड़ान से रवाना हुए यात्री
एयरलाइंस का कहना है कि घटना के बाद यात्रियों को सुविधाएं दी गई थीं और रात साढ़े 11 बजे के बाद उनको दूसरे विमान से बेंगलुरु भेजा गया।
जब तब विमान में जरूरी मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक विमान को खड़ा रखा जाएगा।
माना जा रहा है कि पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। विमान में पूर्व सांसद नलिन कुमार कतील, विधायक मंजुला एस अरविंद लिंबावली और एक जज के साथ दूसरी जानी-मानी हस्तियां भी सवार थीं।