Page Loader
सऊदी अरब में काम करने वाले भारतीय नागरिक की रेगिस्तान में फंसकर मौत, वजह आई सामने
सऊदी अरब के रेगिस्तान में तेलंगाना के व्यक्ति की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

सऊदी अरब में काम करने वाले भारतीय नागरिक की रेगिस्तान में फंसकर मौत, वजह आई सामने

लेखन गजेंद्र
Aug 26, 2024
04:43 pm

क्या है खबर?

सऊदी अरब के रेगिस्तान में फंसने से 27 वर्षीय भारतीय कर्मचारी और उसके सहकर्मी की जान चली गई। मृतक कर्मचारी की पहचान तेलंगाना के शहबाज खान के रूप में हुई है। खबरों के मुताबिक, शहबाज अपने सहकर्मी के साथ एक असाइनमेंट पर थे, तभी वह दुनिया के सबसे खतरनाक रुबा अल-खली रेगिस्तान में फंस गए। यहां उनकी कार का ईंधन खत्म हो गया था और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) में भी खराबी आ गई थी।

हादसा

3 साल से सऊदी में काम कर रहे थे शहबाज

शाहबाज तेलंगाना के करीमनगर के रहने वाले थे और पिछले 3 सालों से सऊदी अरब में काम कर रहे थे। शहबाज अल हसा क्षेत्र में एक टेलीकॉम कंपनी में टावर तकनीशियन के तौर पर कार्यरत थे। 5 दिन पहले शहबाज अपने एक सहकर्मी के साथ एक नियमित काम पर निकले थे, लेकिन उनका GPS खराब हो गया और वे अपने रास्ते से बहुत दूर रुबा अल-खली रेगिस्तान में चले गए। यहां GPS खराब होने से दोनों रास्ता भटक गए।

मौत

कैसे हुई दोनों की मौत?

GPS के बिना दोनों भटकते रहे और कठोर-दुर्गम इलाके में फंस गए। स्थिति तब और खराब हो गई जब उनके वाहन का ईंधन खत्म हो गया। रेगिस्तान में उनके फोन में सिग्नल नहीं था। वे सुरक्षित जगह पर पहुंचने की कोशिश करते रहे, लेकिन बिना पानी-भोजन के चिलचिलाती गर्मी में उनका रहना मुश्किल हो गया। कुछ दिन जीवित रहने के बाद उनकी मौत हो गई। कंपनी ने उनके गुमशुदा होने पर तलाश की तो रेगिस्तान में दोनों के शव मिले।

जानकारी

क्यों कुख्यात है रेगिस्तान?

रुबा अल-खली रेगिस्तान को खाली क्वार्टर भी कहते हैं। यह 4 देशों में फैला है और अपनी चरम स्थितियों के लिए कुख्यात है। यहां मानव निवास और वन्य जीवन का अभाव तो है ही। साथ ही रेगिस्तान में पाए जाने वाले ऊंट भी नहीं दिखता।