देश के 7 सबसे व्यस्त रेल मार्गों पर बिछेगी चौथी पटरी, 9,450 करोड़ से रफ्तार पकड़ेगी रेल
भारतीय रेलवे बड़े बदलावों की तैयारी में है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हावड़ा और गुवाहाटी जैसे बड़े शहरों को जोड़ने वाले 7 सबसे व्यस्त रेलवे मार्गों पर अब चार-चार पटरियां बिछाई जाएंगी। यह विस्तार कुल 11,000 किलोमीटर के हिस्से में होगा। ये रास्ते अभी देश के ज्यादातर रेल ट्रैफिक को संभालते हैं, लेकिन रेलवे के कुल नेटवर्क का ये सिर्फ़ एक छोटा सा हिस्सा हैं।
सरकार ने 9,450 करोड़ के रेल अपग्रेड को दी मंजूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि इस विस्तार से यात्री और मालगाड़ियों, दोनों के लिए ट्रेनों का संचालन काफी आसान हो जाएगा। इससे लागत भी कम होगी और यात्रा पर्यावरण के लिए बेहतर बन पाएगी। सरकार ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों में 9,450 करोड़ रुपये की 4 बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन मार्गों पर भीड़ कम करने के अलावा, इन नए प्रोजेक्ट्स से बड़े पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। इससे भविष्य में यात्रा और सुविधाजनक हो सकती है।