252 करोड़ रुपये से लखनऊ रूट पर आएगा 'कवच 4.0', सफर होगा सुरक्षित
भारतीय रेलवे यात्रियों के सफर को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं ला रहा है। इसी कड़ी में अब 'कवच' वर्जन 4.0 को मंजूरी मिल गई है। यह एक ऐसा स्मार्ट सिस्टम है जो ट्रेन के सिग्नल छूट जाने पर उसे अपने आप रोक देता है।
लखनऊ डिवीजन के 607.7 किलोमीटर रूट पर इसे लगाया जाएगा। इस सिस्टम को लगाने में 252 करोड़ रुपये का खर्च आएगा और इससे यात्रियों की सुरक्षा काफी बढ़ जाएगी।
सोलापुर, सवलियापुरम-गुंटूर, उधना-उकाई में रेलवे अपग्रेड
'कवच' सिस्टम के अलावा, भारतीय रेलवे सोलापुर के 7 स्टेशनों पर अपने सिग्नल सिस्टम को भी आधुनिक बना रहा है। इसके साथ ही, सवलियापुरम-गुंटूर रूट पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन को भी अपग्रेड किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे के उधना-उकाई सोंगध सेक्शन में किलोमीटर 62/2-4 पर लेवल क्रॉसिंग नंबर 53 की जगह एक नया 4-लेन वाला रोड ओवरब्रिज भी तैयार किया जाएगा। इस ओवरब्रिज से सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और रेल फाटक पर लगने वाले जाम और देरी से छुटकारा मिलेगा। ये सभी कदम यात्रियों के लिए ट्रेन यात्रा को और ज्यादा सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में उठाए जा रहे हैं।