भारतीय रेलवे ने रद्द की 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी ट्रेन
क्या है खबर?
भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार (10 अक्टूबर) को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया है। रेलवे विभाग के कोचिंग निदेशालय द्वारा जारी इस आपातकालीन आदेश के पीछे दोनों प्रमुख स्टेशनों के आसपास के इलाकों में भीषण सड़क यातायात जाम होने की आशंका को मुख्य वजह बताया गया है।
आदेश
कैसे लागू होगा यह आदेश?
रेलवे द्वारा 9 अक्टूबर को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जो भी मेल या एक्सप्रेस ट्रेनें 9 अक्टूबर (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे के बाद अपने मूल स्टेशन से रवाना होने वाली थीं और उनका दिल्ली पहुंचने का समय 10 अक्टूबर (शनिवार) को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच था, उन्हें उनके शुरुआती स्टेशन पर ही रद्द कर दिया गया है।
यह निर्णय पूरी तरह से सुरक्षा और सुरक्षात्मक प्रबंधों के तहत लिया गया है।
प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन है कारण
TOI के अनुसार, रेलवे के आधिकारिक आदेश में केवल 'भीषण ट्रैफिक जाम की आशंका' को ही आधार बनाया गया है, लेकिन इसके पीछे के बड़े घटनाक्रम को दिल्ली में चल रहे राजनीतिक और सामाजिक तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।
इसको देखते हुए रेलवे की ओर से यह कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चुप्पी
रेलवे आधिकारियों ने साधी चुप्पी
जब रेलवे अधिकारियों से पूछा गया कि क्या ट्रेनों का यह व्यापक रद्दीकरण सीधे तौर पर इन राजनीतिक प्रदर्शनों से जुड़ा हुआ है, तो अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि करने से इनकार कर दिया।
रेलवे ने इस अवधि में यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशनों के लिए निकलने से पहले 139 हेल्पलाइन नंबर या राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (NTES) ऐप के माध्यम से अपनी संबंधित ट्रेनों की लाइव स्थिति अवश्य जांच लें।