नौसेना ने समुद्री लुटेरों से 20 नाविकों को बचाया, अरब सागर में 48 घंटे चला अभियान
क्या है खबर?
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के कब्जे से एक मछली पकड़ने वाले जहाज को सुरक्षित बचा लिया है। इस जहाज का नाम 'अजिनी' है, जिसे मुंबई से 3,000 किलोमीटर दूर से बचाया गया है। 2 नवंबर को पूरा हुआ यह अभियान करीब 48 घंटे तक चला, जिसमें भारतीय वायु सेना ने भी नौसेना की मदद की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस साहसिक अभियान के लिए नौसेना की तारीफ की है।
बयान
रक्षा मंत्री बोले- अभियान नौसेना की क्षमता को दर्शाता है
रक्षा मंत्री ने कहा, 'वायुसेना के समय पर मिले सहयोग से, हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के चंगुल से नाव को ढूंढ निकालना, रोकना और सुरक्षित छुड़ाना, नौसेना की उच्च परिचालन तत्परता और समुद्र में खतरों का निर्णायक रूप से सामना करने की क्षमता को दर्शाता है। हमारे बहादुर जवानों ने फिर साबित किया है कि भारत के पास जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने की क्षमता, इरादा और दृढ़ संकल्प है।
जहाज
29 अक्टूबर को हुआ था जहाज का अपहरण
इस जहाज को समुद्री लुटेरों ने 29 अक्टूबर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास से अगवा कर लिया था। बंदार बायला और हाफुन शहरों के बीच लुटेरों ने हथियार लहराते हुए जहाज पर कब्जा कर लिया था।
जहाज पर चालक दल के 21 ईरानी सदस्य और 2 सोमाली सुरक्षा गार्ड थे।
इसके बाद मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने चेतावनी दी थी कि लुटेरे इस जहाज को एक 'मदर शिप' की तरह इस्तेमाल कर व्यापारिक जहाजों को निशाना बना सकते हैं।