केरल: भारतीय नौसेना का चेतक हेलीकॉप्टर कोच्चि में दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
केरल के कोच्चि में शनिवार को भारतीय नौसेना के मुख्यालय INS गरुड़ के रनवे पर एक चेतक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हेलीकॉप्टर रनवे पर नियमित प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें एक ग्राउंड क्रू सदस्य की मौत हो गई है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
नौसेना ने दुर्घटना की जांच के दिए आदेश
भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल पर दुर्घटना को लेकर एक बयान जारी किया है। उसने लिखा, 'INS गरुड़, कोच्चि में रखरखाव जांच के दौरान आज एक चेतक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके परिणामस्वरूप एक ग्राउंड क्रू की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई।' नौसेना के हवाले से कहा गया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं।
नौसेना ने जारी किया बयान
नौसेना प्रमुख एडमिरल ने नौसैनिक की मौत पर जताया शोक
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और नौसेना के सभी कर्मियों ने हेलीकॉप्टर क्रैश में जन गंवाने वाले नौसेनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस दुर्घटना को लेकर शोक व्यक्त किया। नौसेना प्रवक्ता ने कहा, "LAM योगेंद्र सिंह ने कोच्चि में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी और इसके लिए हम श्रद्धांजलि व्यक्त करते हैं और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।"
अक्टूबर में प्रयागराज में हुई थी चेतक की इमरजेंसी लैंडिग
अक्टूबर में प्रयागराज में वायुसेना के एक चेतक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। इसे आनन-फानन में होलागढ़ इलाके के खेत में उतारा गया था। इस हेलीकॉप्टर को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिन्हें पुलिस ने बमुश्किल काबू किया। गनीमत ये रही कि लैंडिग के बाद हेलीकॉप्टर का चालक दल सुरक्षित था। वायुसेना की इंजीनियरिंग यूनिट को हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खामी दूर करने के लिए बुलाना पड़ा था।
चेतक हेलीकॉप्टर की क्या है खासियत?
चेतक भारतीय सेना में शामिल सबसे पुराना हेलीकॉप्टर है। इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने फ्रांस के साथ लाइसेंस समझौते के तहत बनाया है। इस हेलीकॉप्टर को 1962 में भारतीय सेना में शामिल किया गया था। ये एक 7 सीटर बहुउद्देश्यीय हेलीकॉप्टर है। इसका इस्तेमाल खोज, बचाव, हवाई सर्वेक्षण और सामान परिवहन में किया जाता है। चेतक हेलीकॉप्टर का वजन 2,200 किलोग्राम के करीब होता है, जो 85 किमी/घंटा की रफ्तार से उड़ सकता है।