LOADING...
भारतीय नौसेना ने समुद्र में पकड़ी 1,200 करोड़ रुपये की हेरोइन, 6 ईरानी नागरिक गिरफ्तार
भारतीय नौसेना ने समुद्र में पकड़ी 1,200 करोड़ रुपये की हेरोइन (तस्वीर: twitter@ani)

भारतीय नौसेना ने समुद्र में पकड़ी 1,200 करोड़ रुपये की हेरोइन, 6 ईरानी नागरिक गिरफ्तार

Oct 08, 2022
08:49 am

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना ने एक समुद्री नाव से 200 किलो हेरोइन बरामद की है। अफगानिस्तान से आई इस हेरोइन की कीमत करीब 1,200 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हेरोइन के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हेरोइन की यह खेप पहले पाकिस्तान पहुंची थी। फिर इसे वहां से ईरान की एक नाव पर इसे लादा गया और इसे भारत और श्रीलंका में बेचने के लिए लाया जा रहा था।

योजना

श्रीलंकाई नाव पर लादी जानी थी ड्रग

अधिकारियों ने बताया कि ईरानी नाव से यह ड्रग श्रीलंकाई नाव पर लादी जानी थी, लेकिन यह पहले ही नौसेना के हत्थे चढ़ गई। हेरोइन को पानी में भीगने से बचाने के लिए इसे सात परतों वाली पैकिंग में बंद किया गया था। गुरुवार को नौसेना और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम इस नाव, जब्त ड्रग और गिरफ्तार लोगों को कोच्चि लेकर आई। गिरफ्तार हुए सभी छह लोग ईरान के रहने वाले हैं।

जांच

NCB को सौंपी गई जांच

NCB के उप महानिदेशक एसके सिंह ने बताया कि भारतीय नौसेना ने 1,200 करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़ी है। बीच समुद्र में पाकिस्तानी नाव से इसे ईरानी नाव पर लादा गया था। उन्होंने बताया कि नौसेना ने हिरासत में लिए गए लोग, नाव और हेरोइन जांच के लिए NCB को सौंप दी है। यह खेप पाकिस्तान से चलने वाले हादी सलीम नेटवर्क की तरफ से आई थी। यह नेटवर्क हिंद महासागर के देशों में ड्रग्स की तस्करी करता है।

Advertisement

बयान

अभी तक नहीं पाए गए आतंकी संगठनों से लिंक- सिंह

सिंह ने कहा कि अभी जांच शुरुआती चरण में है और इसके आतंकी संगठनों से लिंक नहीं पाए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया है कि वे ईरान के कोनार्क इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लोगों ने पानी में कूदकर बचने का प्रयास किया था, लेकिन वो सफल नहीं हो सके। NCB का कहना है कि पिछले कुछ सालों से समुद्री रास्ते से अफगानी हेरोइन की तस्करी तेजी से बढ़ी है।

Advertisement

नशे की तस्करी

क्या है तस्करी बढ़ने की वजह?

तस्करी बढ़ने के कारण बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि इसकी एक वजह अफगानिस्तान में अफीम की फसल की खेती में वृद्धि हो सकती है। ड्रग्स और अपराध के खिलाफ काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने बताया कि अफगानिस्तान में अफीम की अवैध खेती के लिए इस्तेमाल होने वाले इलाके में 37 प्रतिशत इजाफा हुआ है, जिसका नियंत्रण अब तालिबान के पास है। गौरतलब है कि तालिबान ने पिछले साल अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया था।

हेरोइन जब्ती

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

हालिया समय में देश में ड्रग्स की तस्करी बढ़ी है और गुजरात में हजारों करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की जा चुकी है। इस साल अप्रैल में ही तीन अलग-अलग अभियानों में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त की गई थी। इसमें से 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन अकेले कच्छ के कांडला बंदरगाह से जब्त की गई थी। इससे पहले सितंबर, 2021 में मुंद्रा बंदरगाह से लगभग 21,000 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई थी।

Advertisement